शासन के निर्देश पर जिले में अवैध शराब बेचने वालों के विरुद्ध पुलिस और आबकारी विभाग की टीम द्वारा छेड़ा गया अभियान दूसरे दिन मंगलवार को भी जारी रहा। गठित की गई टीमें शहर से लेकर गांव तक छापेमारी कर इस धंधे से जुड़े लोगों को रंगेहाथ गिरफ्तार किए।
उनके पास से बरामद शराब को नष्ट कर पुलिस आरोपियों का चालान कर दी। एसडीएम सगड़ी अनिल कुमार सिंह और सीओ सगड़ी बिजेंद्र द्विवेदी के नेतृत्व में पुलिस और आबकारी विभाग की टीम रौनापार थाना क्षेत्र के खेतापुर गांव स्थित ईंट भट्ठे पर छापेमारी की।
इस दौरान करीब सौ लीटर कच्ची शराब और दो सौ लीटर शराब बनाने का शीरा जब्त किया गया। बरामद शराब बनाने के मैटेरियल को विभाग ने नष्ट करा दिया। इस धंधे से जुड़े चार महिलाओं को पुलिस ने हिरासत में लिया था। पकड़ी गई महिलाओं अंजली, सरस्वती, कमलावती और सहनदेई शामिल हैं। एसडीएम ने बताया कि महिलाओं को निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया।
इस क्रम में बिलरियागंज पुलिस ने मंगलवार की शाम क्षेत्र के दो स्थानों पर छापेमारी कर बीस लीटर शराब के साथ क्षेत्र के भावारामपुर गांव निवासी रामदेव यादव और नगवा मैदो गांव निवासी रामसमुझ को गिरफ्तार कर लिया। अतरौलिया पुलिस ने रतुआपार गांव निवासी रमेश निषाद के घर छापेमारी कर 15 लीटर कच्ची शराब बरामद की।
पवई पुलिस ने बहाउद्दीनपुर गांव में छापेमारी कर रामभाव के घर से 21 शीशी अवैध शराब बरामद की। इस क्रम में मुबारकपुर पुलिस क्षेत्र के भटरा गांव निवासी रामलाल के पास से 10 लीटर, नरांव गांव निवासी रामराज के पास से 20 लीटर, नौथी गांव निवासी मिश्री सोनकर के घर से 20 लीटर और इसी गांव के चित्तई राम के घर से 206 पाउच अवैध शराब बरामद की।
जीयनपुर कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र के अमुवारी नरायनपुर गांव निवासी लालचंद राजभर, बैरीडांड़ गांव निवासी सोहित कुमार को 10-10 लीटर कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया है। मुबारकपुर पुलिस ने मुहब्बतपुर गांव में छापेमारी कर गांव निवासी जुनैत पुत्र तुल्लाह के घर से 500 लीटर शराब बनाने का शीरा और उपकरण आदि बरामद किया। सामानों को जब्त कर पुलिस आरोपी को थाने ले गई।
पुलिस अधीक्षक दिनेश चंद्र दूबे ने बताया कि अवैध शराब के धंधे से जुड़े लोगों के विरुद्ध शुरू किया गया यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। दूसरी तरफ जिला आबकारी अधिकारी राम सिंह ने बताया कि छापेमारी में पुलिस के साथ आबकारी विभाग की सात टीमें लगी थी। खुद जिला आबकारी अधिकारी भी लालगंज के कटघर पहुंचकर छापेमारी किए, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।