निजामाबाद में स्थित मां शीतला दरबार में भक्तों के साथ दुर्व्यवहार को लेकर बैठक करते लोग।
- फोटो : AZAMGARH
निजामाबाद। स्थानीय कस्बा से सटे भैरोकला गांव स्थित मां शीतला धाम पर शुक्रवार को पुलिसिया तांडव के वायरल हुए वीडियो को लेकर पुलिस व प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। शनिवार को अमर उजाला में इसकी खबर भी प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद एसडीएम निजामाबाद व सीओ सदर शनिवार को मंदिर पर पहुंच गए। उन्होंने मंदिर समिति, माली समिति व संभ्रात लोगों से वार्ता कर घटनाक्रम की जानकारी ली और जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
सावन मास में मां शीतला धाम पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। सप्ताह में दो दिन सोमवार व शुक्रवार को यहां कढ़ाई चढ़ाई जाती है। इस शुक्रवार को भी यहां काफी संख्या में श्रद्धालु पहुंच गए थे। भारी भीड़ होने के चलते सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन नहीं के बराबर हो रहा था। भीड़ पुलिस महकमे की लापरवाही के चलते हुई थी और अपनी कमियों को छुपाने के लिए मंदिर क्षेत्र में पहुंची निजामाबाद पुलिस ने तत्काल तांडव मचाना शुरू कर दिया। श्रद्धालुओं पर लाठी भांजा तो वहीं प्रसाद बना रही महिलाओं के तेल भरे कढ़ाई को ही गिरा दिया। जिसका वीडियो किसी ने बना लिया और उसे एसपी को भेज कर शिकायत भी की गई। इसके बाद तो पुलिस व प्रशासनिक अमले में और हड़कंप मच गया। शनिवार को एसडीएम राजीव रतन व सीओ सदर मो. अकमल मंदिर परिसर पहुंच गए और मंदिर समिति, माली समिति व नगर के संभ्रात लोगों के साथ बैठक कर शुक्रवार को हुए घटनाक्रम की जानकारी ली। इसके साथ ही सावन मास के आगामी सोमवार व शुक्रवार को भीड़ कंट्रोल करने की व्यवस्था को लेकर रणनीति तैयार किया।
अब बाहर से फोर्स मंगा कर होगी तैनाती
निजामाबाद। एसडीएम व सीओ ने बैठक में निर्णय लिया कि सावन मास में अभी दो सोमवार व एक शुक्रवार पड़ेगे। इन तीनों दिन यहां भीड़ कंट्रोल करने के लिए अब बाहर से फोर्स मंगा कर तैनाती की जाएगी। इसके साथ ही एक बार में मात्र पांच लोगों को प्रवेश दिया जाएगा। बिना मास्क प्रवेश पूर्णरूप से वर्जित रहेगा। फूल, माला, बेलपत्र आदि भी वर्जित रहेगा, श्रद्धालुओं को खाली हाथ दर्शन करना होगा। कढ़ाई चढ़ाने पर भी प्रतिबंध रहेंगा। वाहन से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहन मंदिर से दो सौ मीटर दूर ही रोक दिए जाएंगे। मुंडन, हवन पूजन भी वर्जित रहेगा।