सगड़ी। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के बनकट बाजार स्थित एक मिठाई की दुकान का ताला तोड़ कर चोर हजारों का माल पार कर दिए। वहीं जिस दुकान से चोरी हुई है, उस दुकान के ऊपरी तल पर पुलिस कर्मी सो रहे थे। घटना से बाजार वासियों में आक्रोश व्याप्त है।
मऊ के मधुबन निवासी दिनेश गुप्ता पुत्र स्व. विश्वनाथ प्रसाद मुबारकपुर के बनकट बाजार में चाय व मिठाई की दुकान खोले हुए हैं। पॉजिटिव मरीज मिलने के चलते बनकट बाजार कंटेनमेंट जोन बना हुआ है जहां पुलिस की भी तैनाती है। बृहस्पतिवार की रात मिठाई की दुकान के ऊपरी तल पर स्थित कमरे में ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मी सो रहे थे। वहीं अज्ञात चोरों ने मिठाई के दुकान का ताला तोड़ कर दुकान में रखे गैस सिलेंडर के साथ ही इंवर्टर, बैट्री आदि उठा ले गए। दुकान से चोरी की पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी में रिकार्ड हो गई है। चोर बाइक से आए थे और बाइक पर सारे सामान लाद ले जाते दिखाई दे रहे हैं। शुक्रवार की सुबह घटना की जानकारी होने पर बाजार वासियों में आक्रोश व्याप्त हो गया। लोगों के अनुसार जिस दुकान में चोरी हुई है, ठीक उसी के ऊपरी तल पर स्थित कमरे में कंटेनमेंट जोन में ड्यूटी पर लगे पुलिस कर्मी सो रहे थे और उन्हें घटना की भनक तक नहीं लगी। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है और पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है।