Jitiya Vrat 2025: आजमगढ़ जिले में जिउतिया पर्व पर पूजा के दौरान फायरिंग का मामला सामने आया है। पूर्व प्रधान के बेटे का फायरिंग करते वीडियो वायरल हुआ। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन की जा रही है।
Azamgarh Crime News: आजमगढ़ जिले के रौनापार थाना क्षेत्र में आराजी अजगरा मगर्वी गांव में जिउतिया पर्व के अवसर पर एक कार्यक्रम के दौरान हर्ष फायरिंग का मामला सामने आया है। यह घटना तब हुई जब महिलाएं अपने बच्चों की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि के लिए व्रत रखकर पूजा-पाठ कर रही थीं। इसी दौरान गांव के पूर्व प्रधान के बेटे विजय कुमार यादव द्वारा खुलेआम हर्ष फायरिंग की गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
विज्ञापन
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक बार-बार लाइसेंसी बंदूक में गोलियां भरकर हवा में फायरिंग कर रहा है। वहां मौजूद भीड़ में कोई उसे रोकने का प्रयास नहीं करता, बल्कि कई लोग मूकदर्शक बने रहते हैं।
सूत्रों के अनुसार, युवक अपने पिता की लाइसेंसी बंदूक का उपयोग कर रहा था। बताया जा रहा है कि विजय कुमार यादव दबंग और मनबढ़ प्रवृत्ति का है। वायरल वीडियो के बाद गांव और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
इस संबंध में एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि यह वीडियो रौनापार थाना क्षेत्र के आराजी अजगरा मगर्वी गांव है। जिसमें गांव निवासी विजय कुमार यादव द्वारा अपने पिता की लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग की जा रही है। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है जो तथ्य सामने आएगा उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।