आजमगढ़। गो-तस्करी से संबंधित अभियुक्तों के विरुद्ध रौनापार व सिधारी थाने की पुलिस ने गैंगेस्टर की कार्रवाई की थी। जिसमें फरार चल रहे पांच आरोपियों को संबंधित थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। रौनापार थाने की पुलिस ने तीन व सिधारी थाने की पुलिस ने दो गैंगेस्टर के आरोपियों को मुखबिर की सूचना पर धर दबोचा है।
रौनापार थाने की पुलिस द्वारा गौ- तस्करी से संबंधित अभियुक्तों के विरुद्ध 20 अक्टूबर को गैंगेस्टर की कार्रवाई की गई थी। जिसमें बिलरियागंज थाना क्षेत्र के करमैनी गांव निवासी मुन्ना, सद्दाम, सलीम, साकिब व पौवा, रौनापार थाना क्षेत्र के निबियहवा गांव निवासी रणविजय यादव, आराजी देवारा करखिया महड़ौर का पुरा गांव निवासी नीरज सिंह व अभिमन्यु सिंह उर्फ मोलई सिंह शामिल हैं। पुलिस पौवा, नीरज सिंह व साकिब को पहले ही जेल भेज चुकी है। बृहस्पतिवार को रौनापार थाने की पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर वांछित अभियुक्त मुहम्मद सलीम, सद्दाम व रणविजय यादव को करमैनी गेट के सामने से गिरफ्तार कर चालान कर दिया। सिधारी थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार सिंह ने अपने टीम के साथ उक्त मुकदमे में वांछित अभियुक्त एहतशाम, अहमद व हनीफ निवासीगण गौरडीह खालसा थाना सिधारी को गिरफ्तार किया गया।