आजमगढ़। शहर कोतवाली के गुरूटोला मुहल्ला के एक व्यक्ति ने आजमगढ़ पुलिस पर सवालिया निशान खड़ा कर दिया है। उसने सीएम को पत्र भेज कर पुलिस पर मुखबिरी के लिए जबरन दबाव बनाने का आरोप लगाया है। इतना ही नहीं कहीं से भी किसी भी अपराधी को पकड़वाने का दबाव भी पुलिस बना रहा है। न्याय न मिलने पर पीड़ित ने परिवार के साथ आत्मदाह की चेतावनी दी है।
गुरूटोला मुहल्ला निवासी सैय्यद फजील आदिल पुत्र सैय्यद शहाब आजमी ने सीएम को पत्र भेजकर आरोप लगाया कि शहर कोतवाल, बदरका चौकी इंचार्ज व एसओ रानी की सराय उस पर लगातार अपराधियों की मुखबिरी करने के लिए दबाव बना रहे हैं। उसे लगातार प्रताड़ित भी किया जा रहा है। जबकि उसका अपराध व अपराधियों से कोई नाता नहीं है। उसने यह भी बताया कि उसका हाथ टूटा हुआ है और उसके छोटे बच्चे कमा कर किसी तरह घर का खर्च चला रहे हैं। वहीं पुलिस के लोग लगातार परेशान कर रहे हैं और कहते हैं कि कहीं से भी कोई अपराधी को गिरफ्तार करवाओ। आए दिन घर पर पुलिस वाले आते हैं और धमकी देते हैं। सैय्यद फजील का यह भी कहना है कि एसओजी व क्राइम ब्रांच वाले भी उसे जानते हैं। उन्हें मालूम है कि बीते 13 साल से वह किसी भी तरह के आपराधिक प्रवृति में संलिप्त नहीं है। इसके बाद भी शहर कोतवाली व बदरका चौकी पुलिस प्रताड़ित कर रही है। पीड़ित ने सीएम से न्याय दिलाने की मांग की है। अन्यथा की स्थिति में बीवी बच्चों के साथ आत्मदाह की चेतावनी दी है। वहीं कोतवाल केके गुप्ता ने बताया कि शिकायतकर्ता अक्सर ही फोन करता है और कहता है कि दो हजार दे दीजिए। तीन हजार रुपये दे दीजिए। गोरखपुर से पार्टी ले आएंगे। उसकी रिकार्डिंग भी मेरे पास है।