आजमगढ़ में आरोपी सगे भाइयों की 74 लाख की संपत्ति कुर्क
- फोटो : अमर उजाला
आजमगढ़ जहरीली शराब कांड में लिप्त जेल में बंद खान बंधुओं की संपत्तियों को प्रशासन ने गुरुवार को कुर्क कर लिया। कुर्क की गई संपत्ति की कीमत 74 लाख रुपये बताई गई है। जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज ने बुधवार को माहुल जहरीली शराब कांड के मुख्य आरोपियों में शामिल खान बंधुओं के रुपईपुर गांव स्थित तीन आलीशान मकानों को कुर्क करने का आदेश दिया था।
जिसके तहत गुरुवार देर शाम को तहसीलदार फूलपुर संजय कुमार कुशवाहा के नेतृत्व में रुपईपुर पहुंची पुलिस और राजस्व टीम ने नदीम खान और उनके भाइयों की संपत्तियों को कुर्क करने की कार्रवाई की। 20 फरवरी को माहुल के देशी शराब के ठेके से शराब खरीदकर पीने से 15 लोगो की जान चली गई थी और कई लोग के आंखों की रोशनी चली गई थी।
कुल 13 अभियुक्त पकड़े गए थे
घटना के दो दिन बाद पुलिस ने अहरौला थाना क्षेत्र के रुपईपुर गांव में नदीम अहमद पुत्र सईद व उनके भाइयों के घर छापेमारी कर जहरीली शराब फैक्ट्री और नकली कफ सीरप और दवाइयों आदि को बरामद किया था। इस मामले में नदीम, फहीम, कलीम, नईम पुत्रगण सईद सहित कुल 13 अभियुक्त पकड़े गए थे। कुछ दिनों पूर्व प्रशासन ने इस मामले में लिप्त सभी अभियुक्तों पर गैगेस्टर एक्ट की कार्यवाही किया था।