लाटघाट। रौनापार थाना क्षेत्र में इन दिनों मवेशी चोरों का आतंक है। आए दिन कहीं न कहीं से पिकअप सवार चोर घरों के बाहर बंधे मवेशी खोल ले जा रहे है। मंगलवार की रात अभनपट्टी गांव निवासी एक व्यक्ति के घर के बाहर से भैंस खोल कर चोरों ने पिकअप पर लादा और फरार हो गया। हालांकि इसमें से एक चोर पकड़ा गया। ग्रामीणों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया है।
अभनपट्टी गांव निवासी रामबदन गौड़ के बाहर बंधी भैंस चोर खोल ले गए और कुछ दूरी पर खड़ी पिकअप पर लादने लगे। इसी दौरान ग्रामीण जाग गए और भैंस को पिकअप पर लादते देख दौड़ा लिया। पिकअप सवार चोर आनन-फानन में पिकअप स्टार्ट कर भागने लगे। एक चोर पिकअप पर चढ़ नहीं सका। जिसे ग्रामीणों ने दौड़ा कर पकड़ लिया। पकड़ा गया चोर शमशेर अली निवासी सोनबुजुर्ग थाना रौनापार है। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस चोर को पकड़ कर थाने लेकर चली गई। लोगों का कहना है कि पुलिस चोरों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही है, जिसके चलते ही इनके हौसले बुलंद हैं।