आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र के धर्मशाला ढिबनिया गांव के पास बृहस्पतिवार की रात आठ बजे पिकअप ने बाइक सवारों को रौंद दिया। हादसे में बाइक सवार दंपती व पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को अस्पताल भेजा गया जहां इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई तो वहीं पत्नी व बेटा गंभीर रूप से घायल है। इन दोनों की भी हालत गंभीर बनी हुई है और हॉयर सेंटर रेफर कर दिए गए है।
अहरौला के सम्मोपुर गांव निवासी 35 वर्षीय पप्पू पुत्र सिरपत बृहस्पतिवार की रात आठ बजे पत्नी 30 वर्षीय अनीता व पुत्र 11 वर्षीय नवीन को बाइक पर बैठा कर रिश्तेदारी में अतरौलिया थाना के रायपुर स्थित साढू के घर जा रहा था। अभी वह धर्मशाला ढिबनिया गांव के पास ही पहुंचा था कि तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी और रौंदते हुए निकल गया। इस हादसे में तीनों गंभीररूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल सीएचसी रानीपुर कोयलसा भेजा गया। जहां डॉक्टरों ने तीनों की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पर इलाज के दौरान रात में ही पप्पू की मौत हो गई। वहीं अनीता व नवीन की हालत गंभीर देखते हुए दोनों को हॉयर सेंटर रेफर कर दिया गया। जिस पर परिजन दोनों को जिला मुख्यालय स्थित प्राइवेट अस्पताल लाकर भर्ती कराए है। मृतक दो पुत्र व एक पुत्री का पिता था। मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता था। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया।