अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन नवीन अरोरा ने बुधवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग से उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। इसमें जोन के सभी नौ जनपदों में उपलब्ध पुलिस बल, सुरक्षा संसाधनों और चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। एडीजी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि चुनाव से संबंधित सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं।
एडीजी ने नागरिक पुलिस, सशस्त्र पुलिस, यातायात पुलिस, अभिसूचना इकाई, लिपिकीय संवर्ग और चालकों समेत सभी पुलिसकर्मियों की उपलब्धता का आकलन करने को कहा। शारीरिक रूप से कमजोर अथवा अक्षम पुलिसकर्मियों को चिह्नित कर उन्हें चुनाव ड्यूटी से मुक्त रखने के निर्देश दिए। एके-47, एसएलआर, इंसास, कारबाइन, पिस्टल और रिवाॅल्वर समेत सभी शस्त्रों का जीपी लिस्ट से मिलान कर उनकी जांच, ऑयलिंग और मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए गए। एडीजी ने शस्त्र लाइसेंस धारकों का भौतिक सत्यापन, वांछित और सक्रिय अपराधियों की सूची तैयार करने तथा यक्ष एप को अपडेट करने के निर्देश दिए। इसके अलावा फ्लाइंग स्क्वाड टीम (एफएसटी), स्टेटिक सर्विलांस टीम (एसएसटी), वीडियो सर्विलांस टीम (वीएसटी) और वीडियो व्यू टीम (वीवीटी) की तैयारियों की समीक्षा की।