यांत्रिक खराबी दूर करते समय विभागीय लापरवाही के चलते अचानक विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई। इसके चलते करंट की चपेट में आ जाने से सीढ़ी पर चढ़े लाइनमैन राजनारायण दुबे बुरी तरह करंट से झुलस कर गिर पड़े। घायल लाइनमैन को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उधर, जिला अस्पताल में उपचाराधीन संविदा लाइनमैन ने शुक्रवार की सुबह दम तोड़ दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मौत की सूचना पाकर मृतक के परिवार एवं गांव में शोक की लहर व्याप्त हो गई। शुक्रवार की दोपहर पोस्टमार्टम के बाद परिजन एवं गांव के लोग शव को लेकर भंवरनाथ विद्युत सबस्टेशन पहुंचे और वहां शव को रखकर दोषी उपकेंद्र प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई एवं मृतक के परिजनों को सरकारी नौकरी एवं सहायता राशि देने की मांग करते हुए घेराव कर दिया।
इस बात की जानकारी होने पर प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने मौके पर परिजनों को 50 हजार नगद किया तथा 21 दिन के अंदर और पांच लाख देने का लिखित वादा किया तब जाकर ग्रामीणों ने धरना समाप्त किया। मृतक के चार पुत्र व एक पुत्री हैं। बड़े पुत्र अनिल दुबे ने भंवरनाथ विद्युत सब स्टेशन के प्रभारी नागेंद्र चौहान के खिलाफ कंधरापुर थाने में नामजद तहरीर दी है।