दो पदों से सरकारी वेतन लेने के मामले में फंसे व्यक्ति ने एक बार फिर जालसाजी कर पेंशन भुगतान की पत्रावली भी स्वीकृत करा ली है। मामला संज्ञान में आने पर शिकायतकर्ता ने पुन: मंडलायुक्त के यहां शिकायत दर्ज करायी। जिस पर मंडलायुक्त ने बीएसए मऊ को पत्रावली के साथ तलब कर लिया है। मामला आजमगढ़ मंडल के मऊ जिले का है।
मऊ जिले के पूनापार गांव निवासी भूपेंद्रवीर सिंह पुत्र वीर बहादुर सिंह एक साथ दो सरकारी पदों से वेतन का आहरण कर रहे थे। वे गांव स्थित महाराणा प्रताप पूर्व माध्यमिक विद्यालय पर बतौर सहायक अध्यापक तैनात थे। इसके अलावा अपने घर में ही चल रहे डाकघर में पोस्टमास्टर भी थे।
दोनों सरकारी पदों का वेतन इनके द्वारा उठाया जा रहा था। प्रकरण की जानकारी होने पर मानवाधिकार कार्यकर्ता अरूण कुमार सिंह ने इसकी शिकायत मंडलायुक्त से की। जिस पर मंडलायुक्त ने एडी बेसिक को जांच की जिम्मेदारी सौंपी। जांच में आरोप पुष्ट हुआ तो रिकवरी का आदेश भी जारी हुआ।
इस बीच भूपेंद्रवीर सिंह सहायक अध्यापक पद से सेवानिवृत्त हो गए। अधिकारियों की मिलीभगत से दो पदों पर एक साथ सरकारी वेतन का आहरण करने वाले भूपेंद्रवीर सिंह जांच और आरोप पुष्टि के बाद भी अपने सहायक अध्यापक पद के पेंशन की पत्रावली भी अपर निदेशक कोषागार मंडल आजमगढ़ से स्वीकृत करा लेने में सफल हो गए।
इस बीच शिकायतकर्ता को जब इसकी जानकारी हुई तो सोमवार को पुन: मंडलायुक्त के यहां पत्रक दिया गया। जिस पर मंडलायुक्त ने बीएसए मऊ को सभी पत्रावली के साथ मंगलवार को अपने कार्यालय पर तलब कर लिया है। मंडलायुक्त ने बताया कि पत्रावली देखने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।