आजमगढ़। जनपद में बुधवार को पीयूष मोर्डिया, अपर पुलिस महानिदेशक, वाराणसी जोन ने वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस लाइन, पुलिस कार्यालय एवं थाना नगर कोतवाली का गहन निरीक्षण किया गया। उन्होंने लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण के लिए कहा। एडीजी ने पुलिस लाइन, आजमगढ़ में परेड की सलामी ली। उन्होंने जवानों के अनुशासन, टर्नआउट, शस्त्र संचालन, मार्च-पास्ट, कमांड एवं प्रशिक्षण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा। इसके बाद पुलिस लाइन में बने आधुनिक सुविधाओं से युक्त “शौर्य सभागार” का उद्घाटन किया। यहां 700 लोगों के बैठने की क्षमता है। एडीजी ने पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं निर्माणाधीन भवन, आरटीसी बैरक, स्टोर, मेस, जीडी कार्यालय, डायल-112, डीसीआर, एमटी शाखा, कम्प्यूटर लैब एवं “नन्हे सितारे” कॉरिडोर को देखा। इसके बाद आयोजित अपराध गोष्ठी में लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण, महिला व बाल अपराधों में संवेदनशील कार्रवाई, साइबर अपराधों की रोकथाम, गैंगस्टर एक्ट के तहत प्रभावी कार्रवाई और कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने पर जोर दिया गया। जनसुनवाई भी की गई। यहां फरियादियों की समस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी निस्तारण के निर्देश दिए गए। इसके बाद पुलिस कार्यालय आजमगढ़ एवं थाना नगर कोतवाली का निरीक्षण कर मालखाना, अभिलेख, मिशन शक्ति कार्यालय सहित अन्य व्यवस्थाओं की जांच की गई। इसदौरान पुलिस उप-महानिरीक्षक सुनील कुमार सिंह व पुलिस अधीक्षक डा. अनिल कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।