पवई विकास खंड का प्राथमिक विद्यालय हेवती। संवाद
पवई। परिषदीय विद्यालयों के कायाकल्प के दावों के बीच विकासखंड पवई क्षेत्र का कंपोजिट विद्यालय हेवती मूलभूत सुविधाओं के अभाव से जूझ रहा है। विद्यालय में न तो बिजली की व्यवस्था है और न ही छात्रों व शिक्षकों के लिए शुद्ध पेयजल उपलब्ध है। ऐसे में पढ़ाई के साथ-साथ बच्चों को दैनिक जरूरतों के लिए भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।विद्यालय अभी तक विद्युतीकरण की राह देख रहा है। परिसर में बिजली कनेक्शन नहीं होने से गर्मी और अंधेरे में पढ़ाई करनी पड़ती है। वहीं पेयजल के नाम पर केवल एक इंडिया मार्का हैंडपंप लगा है, जिससे छात्र अपनी प्यास बुझाने को मजबूर हैं। हैंडवॉश यूनिट भी परिसर में मौजूद नहीं है, जिससे स्वच्छता संबंधी दिक्कतें बनी रहती हैं। विद्यालय एक बड़े पोखरे और मुख्य मार्ग के किनारे स्थित है। परिसर की बाउंड्रीवाल की ऊंचाई कम होने के कारण बच्चे अक्सर मार्ग और पोखरे की ओर पहुंच जाते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। विद्यालय में दो शौचालय तो बने हैं, लेकिन शौचालय के गड्ढे का ढक्कन नदारद है, जो गंभीर खतरे को आमंत्रित कर रहा है। खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी है। बिजली कनेक्शन के लिए विद्युत विभाग में आवेदन किया जा चुका है। जिन विद्यालयों तक बिजली पहुंचाना संभव नहीं है, वहां सोलर पैनल लगाने की तैयारी है। साथ ही बच्चों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए भी जल्द व्यवस्था की जाएगी।