निष्पक्ष और शांतिपूर्वक चुनाव संपन्न कराना पुलिस की प्राथमिकता है। चुनाव में माहौल खराब करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे। मनबढ़ और बदमाशों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। ये बातें नवागत डीआईजी उदयशंकर जायसवाल ने बुधवार को पुलिस लाइन परिसर में पत्रकारों से बातचीत में कहीं।
उन्होंने बताया कि आजमगढ़ मंडल के आजमगढ़, मऊ और बलिया के जिलों में अवैध देशी, अंग्रेजी शराब और असलहों की तस्करी बड़े पैमाने पर होती है। खासतौर से चुनाव के मौसम में इन चीजों की आवक बढ़ जाती है। इसलिए पुलिस ऐसे मामलों पर भी नजर रखते हुए सक्रियता बरत रही है। एक सवाल के जवाब में डीआईजी ने कहा कि खासतौर से सड़क हादसे के बाद पुलिस सक्रिय कदम नहीं उठाती है जिससे लोग आक्रोशित होकर सड़क जाम कर देते हैं।
मंडल में सड़क दुर्घटना होने पर मौके पर आसपास के चार थानों की फोर्स पहुंचेगी। पुलिस दोषी वाहन चालक को पकड़ेगी। चुनाव के मौसम में अफवाहें भी खूब फैल रही हैं। इस सवाल पर डीआईजी ने कहा कि इसके लिए तुरंत डायल 100 पर शिकायत की जा सकती है या फिर कोई भी व्यक्ति सीधे मुझसे संपर्क कर सकता है। चुनाव में अपने कर्तव्य का पालन करने के साथ-साथ पुलिस लोगों को मतदान में बढ़चढ़कर हिस्सा लेने के लिए भी जागरूक करेगी।
बता दें कि, चुनाव आयोग ने डीआईजी रहे धर्मवीर यादव को हटाकर उनके स्थान पर उदयशंकर जायसवाल को नियुक्त किया है।आजमगढ़ मंडल के डीआईजी बनने से पूर्व उदयशंकर जायसवाल सुरक्षा मुख्यालय में तैनात थे। वर्ष 1982 बैच के पीपीएस और 2002 बैच के आईपीएस अधिकारी उदय शंकर जायसवाल मूल रूप से जौनपुर जिले के रहने वाले हैं। बतौर एसपी बांदा, गोंडा जिले की कमान संभाल चुके हैं। जबकि आजमगढ़ में अपर पुलिस अधीक्षक पद पर रह चुके हैं।