अमिलो। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के नीबी बुजुर्ग गांव में सोमवार रात भूमि विवाद में पट्टीदार के धक्का देने से मन्नू यादव की कुएं में गिरकर मौत हो गई। घटना की सूचना पर फायर ब्रिगेड व पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला। हादसे के बाद परिजनों ने आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की।
नीबी बुजुर्ग निवासी मन्नू यादव (50) का उसके पट्टीदार बहादुर यादव से भूमि का विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि बहादुर यादव ने विवादित भूमि पर पुआल रख दिया था। इसी विवाद को लेकर सोमवार रात करीब आठ बजे दोनों पक्षों में गाली-गलौज होने लगी।
आरोप है कि इसी दौरान विपक्षी पक्ष ने मन्नू यादव को धक्का देकर कुएं में गिरा दिया। परिजन तत्काल डायल 112 पर संपर्क किए। सूचना पर अग्निशमन अधिकारी बनारसी दास के नेतृत्व में फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में मन्नू को कुएं से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मन्नू यादव अपने पीछे एक बेटा और दो बेटियां छोड़ गए हैं। पत्नी प्रमिला ने पड़ोसियों के खिलाफ तहरीर दी है। मुबारकपुर थानाध्यक्ष शशिमौली पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।