आजमगढ़। सरकार जहां स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने में जुटी है। वहीं मंडलीय अस्पताल में भर्ती लावारिस मरीजों की देखभाल करने वाला कोई नहीं है। ऐसी ही एक लावारिस मरीज को प्यास लगने पर शौचालय की वॉश बेसिन से पानी पीने की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। जानकारी के अनुसार फोटो में दिख रही महिला जिला अस्पताल में कलावती 80 वर्ष के नाम से लावारिस वार्ड में भर्ती है। मार्ग दुर्घटना में घायल होने पर फूलपुर पुलिस ने उसे 28 मई 2024 को जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। उसके परिवार के किसी सदस्य को अता-पता नहीं है। तस्वीर में ये महिला प्यास लगने पर शौचालय में हाथ धोने के लिए लगे बेसिन में आ रहे पानी को पीती नजर आ रही है। बता दें कि अन्य वार्डों में भर्ती मरीज और उनके तीमारदारों के पानी पीने के लिए अस्पताल परिसर में और बाहर वाटर कूलर लगे हैं। वहीं लावारिस वार्ड में और उसके आसपास मरीज के लिए पानी की व्यवस्था नहीं है। एसआईसी डाॅ. आमोद कुमार ने बताया कि वह वॉश बेसिन में पानी नहीं पी रही थी, वह कुल्ला कर रही थी। मंडलीय अस्पताल में वैसे भी पानी की कोई कमी नहीं है।