आजमगढ़। पल्हनी विकास खंड के लक्षिरामपुर में तेंदुए के आने की सूचना से दहशत है। वन विभाग के अनुसार, बृहस्पतिवार की भोर में 3:30 बजे लक्षिरामपुर के सुनील पांडेय ने डायल 112 पुलिस को गांव के बाहर तेंदुआ देखे जाने की सूचना दी। इस पर पुलिस और वन विभाग की टीम पहुंची। यहां सुनील पांडेय से कोई फोटो या वीडियो आदि दिखाने के लिए मांगा गया, पर वे ऐसा कुछ नहीं दिखा पाए।
इस दौरान वन विभाग की पांच सदस्यों की टीम ने गांव में कांबिंग की पर कहीं कोई पैरों के निशान नहीं मिले। फिर दूसरे दिन गांव के राहुल यादव ने सूचना दी कि गांव की एक महिला ने तेंदुआ देखा है। फिर टीम ने महिला सहित ग्रामीणों से पूछताछ की पर कोई पुष्ट जानकारी प्राप्त नहीं हुई। इधर, वन विभाग ने क्षेत्रीय वन अधिकारी सैयद ततहीर अहमद के नेतृत्व में टीम को कांबिंग के लिए लगा दिया है। उधर, ग्रामीणों ने बताया कि गांव से एक कुत्ता भी गायब है। आशंका जताई कि कहीं तेंदुआ उठा न ले गया हो। इधर वन विभाग की टीम ग्रामीणों को एहतियात आदि के बारे में जागरूक कर रही है।
डीएफओ आकांक्षा जैन का कहना है कि लक्षिरामपुर में ग्रामीणों की सूचना मिली थी कि तेंदुआ देखा गया है। सूचना के आधार पर क्षेत्रीय वन अधिकारी के नेतृत्व में टीम को तैनात किया गया है। टीम की अभी तक की गश्त में कहीं भी तेंदुआ के पैरों के निशान नहीं मिले हैं, टीम लगातार कांबिंग करने के साथ ग्रामीणों को जागरूक भी कर रही है।