त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए रविवार को आजमगढ़ के समस्त विकास खंडों से मतदान के लिए पोलिंग पार्टियों की रवानगी का कार्य संपन्न हुआ। इस दौरान तीन सेक्टर मजिस्ट्रेट और तीन जोनल मजिस्ट्रेट अनुपस्थित पाए गए। बीएसए की संस्तुति पर सीडीओ आनंद कुमार शुक्ला ने सभी के खिलाफ एफआईआर कराने का निर्देश दिया।
पूरे जनपद में एक साथ पंचायत चुनाव संपन्न होने के कारण काफी संख्या में कर्मचारियों की जरूरत है। 2718 कर्मचारी जब कम पड़ने लगे तो प्रशासन की ओर से मंडल के अन्य जनपदों से इनकी व्यवस्था की गई। कोरोना के संक्रमण से भी बहुत से कर्मचारी प्रभावित हुए। ऐसे में प्रशासन ने मतदान कर्मियों को पहले ही चेतावनी दी थी कि कोई भी मतदान कर्मी ड्यूटी से अनुपस्थित पाया जाता है तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के साथ विभागाध्यक्ष के उत्तरदायित्व का निर्धारण किया जाएगा।
इसी क्रम में रविवार को सभी विकास खंडों से पोलिंग पार्टियों की रवानगी हुई। इस दौरान हरैया विकास खंड के सेक्टर प्रभारी रितेश वर्मा और डा. राजेश, बिलरियागंज विकास खंड के सेक्टर प्रभारी अनिल कुमार सिंह यादव, महाराजगंज विकास खंड के जोनल प्रभारी डा. नवीन चंद्र श्रीवास्तव, मेंहनगर के जोनल प्रभारी रविंद्र पांडेय और अहरौला के जोनल प्रभारी रघुनाथ दास अनुपस्थित पाए गए। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सीडीओ से इनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की संस्तुति की। उनकी संस्तुति पर सीडीओ आनंद कुमार शुक्ला ने सभी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश दिया है।