थाना क्षेत्र के बाबू की खजूरी गांव में बुधवार को दिन में खेत में खड़ी धान की फसल में आग लग गई। इस अगलगी की घटना में करीब तीन बीघा खड़ी धान की फसल जलकर राख हो गई। पीड़ित परिवार ने तहसीलदार मेंहनगर को शिकायती पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित किसान का आरोप है कि पास के ही एक व्यक्ति द्वारा अपने खेत में पराली जलाई जा रही थी। जिसकी चिंगारी से खेत में आग लगी है। तहसीलदार ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
पीड़ित किसान चंद्रकला सिंह का आरोप है कि बाबू की खजूरी गांव के ही दो व्यक्ति करीब तीन बजे अपने खेत की पराली जला रहे थे। तभी उनकी दो बीघा और सेवा निवृत्त तहसीलदार रामव पांडेय की डेढ़ बीघा व शिवकरन राम जो बटाई पर खेती करते थे उनकी करीब एक बीघा धान की फसल जलकर नष्ट हो गई। आग की लपटें उठते देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस के हेल्प लाइन नंबर 112 को दी। चंद्रकला सिंह ने तहसीलदार मेंहनगर को शिकायती पत्र दी। इस दौरान तहसीलदार रानी गरिमा जायसवाल ने बताया कि शिकायती पत्र मिला है, पराली जलाने वाले के विरुद्ध कायवाही होगी। किसानों को जले हुए धान की फसल का आकलन कर क्षतिपूर्ति के लिए उच्चाधिकारियों को प्रेषित करेंगे।