बूढ़नपुर तहसील परिसर में बना पानी का ओवर हेड टैंक। संवाद
बूढ़नपुर। तहसील परिसर में करोड़ों रुपये से निर्मित ओवरहेड पानी की टंकी 13 साल बाद भी शोपीस बनी हुई है। न तो तहसील परिसर में पानी की नियमित आपूर्ति हो पा रही है और न ही कर्मचारियों के आवासों तक पानी पहुंच सका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि टंकी बनने के बाद से इसे कभी सुचारु रूप से चलते नहीं देखा गया।ग्रामीणों के अनुसार टंकी की पाइपलाइन ध्वस्त है, मोटर भी चोरी हो चुकी है। कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। बताया जाता है कि वर्ष 2013 में तहसील दिवस के दौरान तत्कालीन कमिश्नर शहाबुद्दीन ने पानी की आपूर्ति बाधित होने पर तत्कालीन तहसीलदार श्रीधर चौरसिया को फटकार लगाते हुए शीघ्र पाइपलाइन दुरुस्त कर आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए थे। बावजूद इसके आज तक स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।सूर्य प्रकाश यादव का कहना है कि सरकार ने जनहित में करोड़ों की लागत से टंकी बनवाई, लेकिन यह ‘सफेद हाथी’ साबित हो रही है। योगेन्द्र यादव के अनुसार, कुछ दिनों तक पानी की सप्लाई हुई, लेकिन पाइप लीकेज के कारण व्यवस्था बंद हो गई। इसके बाद फिर से इसे चालू नहीं किया जा सका। अधिवक्ता बलराम यादव और रामविनय ने बताया कि टंकी बनने के बाद से ही बंद पड़ी है और कई शिकायतों के बावजूद समाधान नहीं हुआ।