आजमगढ़। क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रतिनिधि व भाजपा के पवई मंडल के उपाध्यक्ष अर्जुन यादव की हत्या से आक्रोशित पवई बाजार के लोगों ने शुक्रवार को बाजार बंद रखा। हर तरफ गम और गुस्सा नजर आ रहा था। एहतियात के तौर पर पुलिस के साथ ही पीएसी भी तैनात रही। वहीं लोगों ने मृतक के घर पहुंच कर शोक संवेदना व्यक्त की। शाम पांच बजे शव घर पहुंचा तो रोना पीटना मच गया। पूरा माहौल गमगीन हो गया था। उधर, मामले के खुलासे के लिए पुलिस की चार टीमें लगाई गई हैं।
जल्दीपुर गांव निवासी बीडीसी सदस्य के देवर एवं भाजपा पवई मंडल उपाध्यक्ष 40 वर्षीय अर्जुन यादव बृहस्पतिवार की रात नौ बजे अपनी दुकान बंद कर घर जा रहे थे। जल्दीपुर गांव के पास बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। गोली सीने में लगी और वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। स्थानीय लोगों के अनुसार अर्जुन की मौके पर ही मौत हो चुकी थी लेकिन पुलिस जल्द से जल्द शव हटाने के चक्कर में उसे जिंदा बताते हुए सीएचसी फूलपुर ले गई जहां से उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया और शव को पीएम के लिए मर्चरी में भेज दिया गया। मृतक के बड़े भाई की तहरीर पर पवई पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस को अभी तक कोई क्लू नहीं मिला है, जिसके बल पर वे बदमाशों तक पहुंच सके। हत्यारों की तलाश में चार टीमों पवई, सरायमीर, दीदारगंज पुलिस के अलावा क्राइम ब्रांच को भी लगाया गया है।
शव पहुंचते ही गांव में मचा कोहराम
पवई। मृत भाजपा नेता अर्जुन यादव का शव शुक्रवार शाम को गांव पहुंचा तो घर में कोहराम मच गया। चप्पे-चप्पे पर कई थानों की पुलिस और पीएसी तैनात रही। क्षेत्राधिकारी मनोज रघुवंशी भी पूरे समय लगे रहे। अंतिम संस्कार गांव के ही श्मशान पर किया गया।
पुलिस छावनी में तब्दील रहा बाजार
पवई। अर्जुन यादव की हत्या से लोगों में जबरदस्त आक्रोश है। लोगों के गम व गुस्से को देखते हुए पुलिस महकमा अलर्ट पर है। पुलिस के साथ पीएसी भी तैनात की गई है। अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं। वहीं बाजारवासी देर शाम तक पीएम के बाद शव आने की सूचना पर बाजार में इधर-उधर बैठ कर इंतजार करते नजर आए।
स्थानीय विधायक व पूर्व सांसद के थे खास
पवई। अर्जुन यादव स्थानीय भाजपा विधायक अरुण यादव व पूर्व सांसद रमाकांत यादव के काफी करीबी थे। विधायक ने उन्हें पवई प्रतिनिधि का दर्जा भी दिया था। वे पवई क्षेत्र में विधायक प्रतिनिधि के रूप में भी काम करते थे। सत्ताधारी दल से जुड़े होने के अलावा वे पुलिस के भी खास थे। ऐसे में अर्जुन की हत्या ने लोगों को हिला कर रख दिया है। लोगों का कहना है कि पुलिस के खास व वर्तमान विधायक व पूर्व सांसद के करीबी होने के बाद भी अर्जुन की हत्या हो गई। ऐसे में शासन-प्रशासन से क्या उम्मीद की जाए।
पुलिस हत्यारोपियों की तलाश में लगी हुई है। जगह-जगह दबिश दी जा रही है। गिरफ्तारी के लिए कुल चार टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही बीडीसी प्रतिनिधि हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा। - सिद्धार्थ, एसपी ग्रामीण, आजमगढ़।
पवई बाजार में भाजपा नेता की हत्या को लेकर तैनात फोर्स।- फोटो : AZAMGARH
पवई बाजार में भाजपा नेता की हत्या के विरोध में बंद बाजार।- फोटो : AZAMGARH
पवई के जल्दीपुर में भाजपा मंडल उपाध्यक्ष की हत्या के बाद रोते-बिलखते परिजन।- फोटो : AZAMGARH