आजमगढ़। सीडीओ आनंद कुमार शुक्ला ने मंगलवार को खंड विकास अधिकारी कोयलसा का निरीक्षण किया। इस दौरान मनरेगा के महत्वपूर्ण बिंदुओं पर त्वरित कार्रवाई न किए जाने के लिए कंप्यूटर ऑपरेटर गुड्डू की सेवा समाप्त करने का निर्देश दिया। वहीं लेखाकार जगदंबा दुबे के कार्यों में लापरवाही मिलने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही बीडीओ और एडीओ के निलंबन की संस्तुति की है।
निरीक्षण में सीडीओ ने पाया कि आवास प्लस पर 901 लाभार्थियों के सापेक्ष मात्र 481 का पंजीकरण किया गया है। 402 लाभार्थियों का जियो टैग कराया गया है। मनरेगा के महत्वपूर्ण बिंदुओं पर त्वरित कार्रवाई नहीं की गई है। इस पर उन्होंने कंप्यूटर ऑपरेटर गुड्डू की सेवा समाप्त करने का निर्देश दिया। लेखाकार जगदंबा दुबे द्वारा पदीय दायित्वों के अधीन कार्य न कराए जाने और योजनाओं में बरती जा रही शिथिलता के लिए कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। वहीं खंड विकास अधिकारी अखिलेश कुमार मिश्र द्वारा पीएम आवास योजना ग्रामीण और मनरेगा योजना में रुचि न लेना मिलने पर कारण बताओ नोटिस करते हुए उनके निलंबन की संस्तुति करने का निर्णय लिया।
एडीओ पंचायत रामाश्रय यादव के कार्यों में लापरवाही मिलने पर कारण बताओ नोटिस निर्गत करते हुए निलंबन की कार्रवाई करने का निर्देश दिया। अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी मिंटू गुप्ता द्वारा शासकीय दायित्वों के अधीन कार्रवाई न किए जाने और समस्त ग्राम पंचायतों में कार्य शुरू न कराने पर सेवा समाप्ति के संबंध में कारण कारण बताओ नोटिस निर्गत कर स्पष्टीकरण लेने का निर्देश दिया।