अहरौला। स्थानीय थाना क्षेत्र में चोरों ने बृहस्पतिवार की रात एक विद्यालय व एक किराना की दुकान से लाखों का माल पार कर दिया। घटना की जानकारी होने पर पीड़ितों ने थाने पर अज्ञात के खिलाफ तहरीर दिया है।
पहली घटना अहरौला कस्बा स्थित सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल में हुई। चोरों ने कार्यालय समेत तीन कमरों का ताला तोड़ कर इनवर्टर, बैट्री के साथ ही कार्यालय में रखे आलमारी का ताला तोड़ कर उसमें रखे 15 हजार नकद पर हाथ साफ कर दिया। शुक्रवार की सुबह विद्यालय से जुड़े लोग पहुंचे तो कार्यालय व तीन कमरों का ताला टूटा पाया। घटना की सूचना तत्काल व्यवस्थापक बाबूराम कांदु को दी गई। उन्होंने थाने पर अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी। जिसमें उन्होंने बताया कि चोर 50 हजार रुपये का सामान चुरा ले गए हैं। वहीं दूसरी घटना मतलूबपुर गांव में हनुमानगढ़ी मंदिर परिसर में स्थित किराने की दुकान में हुई। पखनपुर गांव निवासी प्रदीप गुप्ता किराये पर दुकान लेकर दुकान संचालित करता था। चोर सेंध मारी कर तीन हजार रुपये नकद के साथ ही 50 हजार के सामान चुरा ले गए । साथ ही चोरों ने मंदिर का दानपात्र भी उठा ले गए। प्रदीप ने भी पुलिस को तहरीर दे दी है।