जीयनपुर स्थित यूनियन बैंक में जांच करती पुलिस।
- फोटो : AZAMGARH
सगड़ी। जीयनपुर कस्बा स्थित यूनियन बैंक सगड़ी शाखा पर मंगलवार को दिन में उस समय हड़कंप मच गया जब एक व्यक्ति द्वारा काउंटर पर दिए गए 2.10 लाख रुपये में कर्मचारी ने एक लाख रुपये कम होने की बात कही। जबकि काउंटर पर पर्ची भर पैसा देने वाले व्यक्ति ने पूरा पैसा देने की बात कहते हुए कर्मचारी पर पैसा गायब करने का आरोप लगाया। शिकायत जीयनपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच पड़ताल में जुट गई।
जीयनपुर कस्बा निवासी कलीम की बिलरियागंज मार्ग पर फर्नीचर की दुकान है। मंगलवार को वह एक झोले में 2.10 लाख रुपये रख कर जमा करने के लिए यूबीआई सगड़ी शाखा पर पहुंचा। काउंटर पर पहुंच कर उसने 2.10 लाख रुपये की जमा पर्ची के साथ ही नोट रखे झोले को कर्मचारी को थमा दिया। नोटो की गिनती करने के बाद कर्मचारी ने उसे बताया कि एक लाख रुपये कम है, इस पर कलीम ने पैसा पूरा होने की बात कही और कर्मचारी पर ही रुपया गायब करने का आरोप लगाया। जिसे लेकर बैंक में हंगामा होने लगा। कलीम ने तत्काल सूचना जीयनपुर पुलिस को दी। जिस पर कोतवाल गजानंद चौबे बैंक की शाखा पर पहुंच गए। सीसी टीवी फुटेज आदि देख कर सच्चाई का पता लगने में पुलिस जुटी हुई है। देर शाम तक जीयनपुर कोतवाली पुलिस बैंक पर ही कर्मचारी, दुकानदार कासिम व बैंक मैनेजर को रोक कर जांच कर रही थी। कोतवाल ने बताया कि दुकानदार कासिम ने कर्मचारी पर एक लाख रुपये चोरी करने का आरोप लगाया है। मामला संदिग्ध है, जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।