आजमगढ़। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में छात्राओं की खेल प्रतिभा को मुकाम मिलेगा। एक कस्तूरबा एक खेल योजना के माध्यम से प्रत्येक कस्तूरबा विद्यालयों की सहभागिता होगी। छात्राएं खेल का अभ्यास करेंगी। नए सत्र से खेल के आवंटन की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी है।
जिले में 21 कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय हैं। इनमें 2100 छात्राएं अध्ययनरत हैं। विद्यालय में बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के लिए तरह-तरह इवेंट भी होते हैं। खेल में रुचि रखने वाली बालिकाओं को भी प्रोत्साहित किया जाता है। नए सत्र में सभी कस्तूरबा विद्यालयों में एक नई पहल होगी। खेल विशेषज्ञों की टीम उनकी खेल प्रतिभा को परखेगी। फिर विद्यालय के लिए एक खेल का चयन होगा। इसके बाद विद्यालय में उस खेल को बढ़ावा देने के लिए नियमित अभ्यास कराकर प्रतिभाओं को तराशा जाएगा।
बीएसए राजीव कुमार पाठक ने बताया कि इस पहल से विद्यालयों में खेल का अच्छा माहौल बनेगा। विद्यालयों की टीम को बड़े-बड़े खेल आयोजनों में खेलने का मौका दिया जाएगा। विद्यालयों से रिपोर्ट मांगी जा रही है। रिपोर्ट के आधार पर खेल आवंटित किए जाएंगे।