अंबारी। अहरौला थाना क्षेत्र के माहुल कस्बे में गुरुवार की रात चोरों ने तीन घरों के ताले चटकाए। लेकिन वह कोई सामान अपने साथ नहीं ले जा सके। आसपास के लोगों की नींद खुली और उन्होंने एक चोर को पकड़ लिया। उसे मारपीटकर पुलिस के वाले कर दिया जबकि उसके अन्य साथी फरार हो गए। लेकिन अभी तक पुलिस के पास कोई तहरीर नहीं दी गई है। गुरुवार की रात जब सब लोग सो रहे थे तब चोर सबसे पहले बाजार के मुख्य चौक पर स्थित मोहन मोदनवाल के मिठाई के कारखाने का ताला तोड़कर उसमें घुसे लेकिन उनके हाथ यहां कुछ नहीं लगा। तब उन्होंने पवई रोड स्थित कुरैशी चौक पर नायब पुत्र लाडले के मकान का ताला तोड़ा। उस समय लाडले का परिवार मकान को बंद कर कस्बा स्थित दूसरे मकान में सोने चला गया था। चोरों ने कमरे में रखे तीन बड़े बॉक्स और आलमारी का ताला चटका दिया और कपड़े आदि को फेंककर कीमती सामान को खंगालना शुरू किया लेकिन वहां भी कुछ नहीं मिला। यहां भी निराशा मिलने के बाद चोरों ने दिल्ली में रह रहे असद अली के मकान के मेन गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे और तीन कमरों का ताला तोड़कर कपड़े, जेवरात व नकदी आदि को समेट लिया। चोर अभी उस घर से निकल रहे थे कि आहट सुन आसपास के लोग जाग गए और चोरों को दौड़ा लिया। खुद को घिरता देख चोर सामान छोड़कर भागने लगे, लेकिन लोगों ने एक पकड़ लिया और धुनाई शुरू कर दी। उसके बाकी कमे साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। सूचना पर पहुंचे चौकी इंचार्ज शैलेष यादव पकड़े गए चोर को बाइक के साथ थाने ले गए। पूछताछ में पता चला कि पकड़ा गया चोर सरायमीर थाना क्षेत्र के पवई लाडपुर का रहने वाला है। जबकि देर शाम तक किसी के द्वारा पुलिस को तहरीर नहीं दी गई थी।
- अंबुज राय