अहरौला। थाना क्षेत्र के विसईपुर गांव निवासी अनिल यादव बस्ती भुजबल की यूनियन बैंक से बैंक मित्र के रूप में जुड़ा हुआ है। अनिल यादव के अनुसार रविवार शाम करीब 4:45 बजे उसके मोबाइल पर फोन आया। फोन करने वाले ने बताया कि वह बस्ती भुजबल यूनियन बैंक का अकाउंटेंट बोल रहा हूं। उसकी पत्नी की तबीयत बहुत खराब है। उसको डेढ़ लाख रुपए खाते में चाहिए और कल आने के बाद पैसा वापस कर देगा।
जिस बैंक में अनिल यादव बैंक मित्र के रूप में काम करता है, उसी बैंक के अकाउंटेंट का मामला होने के नाते अनिल ने अपने खाते से और अपने दो मित्रों शुभम सिंह व आकाश मौर्य के खाते से कुल मिलाकर एक लाख 48 हजार 700 रुपये उसके खाते में भेज दिए। सोमवार को जब बैंक खुला और दोपहर में अनिल यादव बैंक में पहुंचा वहां पर अकाउंटेंट मौजूद थे। उसे देखकर अनिल हक्का-बक्का रह गया और उनसे कल किए गए फोन के बारे में और डेढ़ लाख रुपए खाते में मंगाने की बात कही। अकाउंटेंट ने इससे इनकार किया तब अनिल यादव को धोखाधड़ी का शिकार होने की जानकारी हुई और उसने अहरौला थाने अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी।