सावन के पहले सोमवार को जिले में आस्था की बयार बही। इस दौरान झमाझम बारिश के बीच शिवालयों में शिवभक्त पूरे जोश के साथ पहुंचे। मंदिरों में भजन-कीर्तन, घंटा घड़ियाल के साथ लग रहे हर-हर महादेव के जयकारों से वातावरण शिवमय हो गया था। सुबह से ही बाबा शिवदानी के दर्शन को मंदिरों में लग रही भीड़ को देखते हुए पुलिस द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
सावन के पहले सोमवार को जिले में बदरा जमकर बरसे। झमाझम बारिश के बीच शिवभक्त भी पूरे उत्साह के साथ भीगते हुए शिवालायों में पहुंचे। नगर के भंवरनाथ स्थित शिवमंदिर में भोर से ही दर्शन-पूजन को शिवभक्तों का तांता लगा रहा। फूल और बेलपत्र लेकर शिवमंदिर पहुंचे शिवभक्तों ने बाबा भैरव नाथ का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान घंटा-घड़ियाल और लग रहे हर-हर महादेव के जयकारों से क्षेत्र गूंज उठा। भोर से शुरू दर्शन-पूजन का क्रम देर शाम तक जारी रहा। इसी क्रम में नगर क्षेत्र में रैदोपुर, रेलवे स्टेशन स्थित बऊरहवां बाबा के स्थान, शंकर तिराहा आदि स्थानों पर पूजन-अर्चन और लग रहे जयकारों से वातावरण गूंज उठा। उधर महाराजगंज के भैरव धाम पर भी भीड़ रही। हर कोई बाबा के दर्शन को आतुर था। सुरक्षा की दृष्टि से मंदिर के आसपास पुलिस के जवान तैनात थे। वहीं पूजन के बाद मंदिर के पास लगे मेले में लोगों ने जमकर खरीदारी की, तो बच्चों ने खिलौने, चाट-पकौड़ी और जलेबी का लुत्फ उठाया।
शिवलायों में लगा कांवरियों का तांता ः अंबारी/पवई/फूलपुर। फूलपुर तहसील क्षेत्र में सावन के पहले सोमवार को बिलवाई स्थित शिवधाम सहित अन्य शिवालयों में कांवरियों ने भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। इस दौरान टोलियों में आए कांवरियों द्वारा लगाए जा रहे बोलबम के जयकारों से मंदिर गूंज उठा। बिलवाई स्थित शिवधाम पर महादेव को जल चढ़ाने के लिए रविवार की रात से ही कांवरियां आना शुरू हो गए थे। भोर में कांवरियों ने मंझुई और तमसा नदी से जल लेकर महादेव के दर्शन-पूजन कर जलाभिषेक किया। इसी क्रम में प्राचीन प्रगट झारखंडेय महादेव मकसुदिया पर शिवभक्तों और कांवरियों ने जलाभिषेक किया। वहीं अंबारी, फूलपुर, माहुल, पल्थी, दीदारगंज, पुष्पनगर, कुशलगांव, फूलेश, हुब्बीगंज, खानजहांपुर, पलिया स्थित शिवालयों में भी दिन भर दर्शन-पूज और जलाभिषेक के लिए कांवरियों का जत्था आता रहा। इसी क्रम में फूलपुर में बारिश के बीच पहले सोमवार को कांवरियों का जत्था पौराणिक स्थल दुर्वासा धाम पहुंचा।
इस दौरान कांवरियों में गजब का उत्साह देखने को मिला। खुरासन रोड पहुंचने पर कांवरियों द्वारा लगाए गए हर-हर महादेव के जयकारे से पूरा स्टेशन गूंज उठा। पैदल आने वाले कांवरियों का जत्था सिकरौर, सरायमीर, छित्तेपुर, दीदारगंज आदि स्थानो से होते हुए फूलपुर के शंकर तिराहा, सरायमीर, संजरपुर, मुंडियार स्थित शिवालयों में पहुंच जलाभिषेक किया। कांवरियों के फूलपुर पहुंचने पर प्रधान रामकेवाल तिवारी और बलराम तिवारी ने स्वागत किया।