मुबारकपुर थाना के पुरुषोत्तमपुर बाजार के पास बोरे में भरकर फेंकी गई महिला का शव। मौके पर लगी लोगो
- फोटो : AZAMGARH
सगड़ी। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के पुरुषोत्तमपुर बाजार में सोमवार की दोपहर दो बजे बोरे में भरकर फेंकी गई सब्जी विक्रेता वृद्धा की लाश दुकान के पीछे स्थित खेत में मिली। वृद्धा रविवार की दोपहर से लापता थी और परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अमरौला गांव निवासिनी 65 वर्षीया भानमति पत्नी स्व. मंगरू सोनकर पुरूषोत्तमपुर बाजार में सब्जी की दुकान करती थी। रविवार की सुबह भी वह घर से दुकान पर आयी थी और दोपहर में लापता हो गई। परिजन उसकी तलाश में जुटे हुए थे। सोमवार को दिन में दो बजे दुकान के पीछे खेत में एक बोरे में लाश मिलने की सूचना मिली तो ग्रामीण जुट गए। सूचना पर परिजन भी पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। इस दौरान मौके पर सीओ सदर सिद्धार्थ तोमर, सीओ सगड़ी महेंद्र शुक्ला के साथ ही डॉग स्क्वायड व फोरेंसिंक टीम भी पहुंच गई। खोजी कुत्ता एक ट्यूबवेल पर गया और फिर मृतका सब्जी की दुकान पर जाकर रुक गया। परिजनों ने बताया कि रविवार की सुबह मृतका घर से दुकान जाने की बात कह कर निकली थी। सोमवार को दिन में बोरे में लाश मिली। सीओ सदर सिद्धार्थ तोमर ने बताया कि मृतका के छोटे पुत्र रामचंदर की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द ही खुलासा हो जाएगा।