आजमगढ़। राजकीय मेडिकल कालेज चक्रपानपुर पर भर्ती एक वृद्ध महिला की शनिवार की सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। वृद्धा रानी की सराय थाना क्षेत्र की रहने वाली थी और गंभीर बीमारी से ग्रसित थी। 29 अप्रैल को उसे मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया था। उसकी गंभीर हालत देख कर अस्पताल प्रशासन ने उसका कोरोना जांच के लिए सैंपल भी जांच के लिए भेजा था। सैंपल की रिपोर्ट अभी आई नहीं थी और उसके पहले ही महिला ने दम तोड़ दिया। महिला की मौत से अस्पताल में हड़कंप मच गया। उसके शव को तत्काल पुलिस की देखरेख में मंगई नदी तट पर अंतिम संस्कार करा दिया गया। वहीं वृद्धा की मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चा भी व्याप्त है। प्राचार्य डॉ. आरपी शर्मा ने बताया कि वृद्धा गंभीर रोग से ग्रसित थी। सैंपल जांच के लिए गया है, जिसके आने पर ही कुछ स्पष्ट रुप से कहा जा सकेगा।