मेंहनगर। पत्नी और बेटे में विवाद से क्षुब्ध गोपालपुर पट्टी गांव निवासी एक अधेड़ ने मंगलवार को फांसी लगाकर जान दे दी। जब तक परिजनों को इसकी जानकारी होती तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना के घंटों बाद तक पुलिस नहीं पहुंची और परिजनों में कोहराम मचा हुआ था। देर शाम पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गोपालपुर पट्टी गांव निवासी 55 वर्षीय सुभाष पासी पुत्र रामाधार राजगीर का काम करता था। उसे दो बेटे व दो बेटियां हैं। बेटियों की शादी हो चुकी है। बड़ा बेटा सऊदी अरब में नौकरी कर रहा है। वहीं दूसरा बेटा उसके साथ ही मजदूरी का काम करता था। मंगलवार की सुबह सुभाष का अपनी पत्नी व बेटे से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद वह काम पर जाने की बात कह कर निकला लेकिन कुछ ही देर बाद वापस लौट आया। इसके बाद उसने पशुशाला में अपनी लुंगी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। कुछ देर बाद जब पत्नी खाना खाने के लिए आई तो उसे फांसी पर लटका देख चीखने चिल्लाने लगी। शोर सुनकर लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों की मदद से शव को नीचे उतारा गया और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना के घंटों बाद तक पुलिस नहीं पहुंची थी। देर शाम मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।