बलरामपुर। कप्तानगंज के मोलनापुर नत्थनपट्टी गांव निवासी एक वृद्ध संदिग्धावस्था में अपने घर में बिस्तर पर मृत मिले। भाई की सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एक दिन पूर्व ही वह दिल्ली से घर लौटे थे। गले पर चोट के निशान देख हत्या की आशंका भी जताई जा रही है।
मोलनापुर नत्थनपट्टी गांव निवासी सुरेंद्र राम 60 परिवार के साथ दिल्ली में रहते थे। शुक्रवार सुबह वह दिल्ली से गांव लौटे। शनिवार रात वह अपने घर पर सो रहे थे। रविवार सुबह जब वह देर तक सोकर नहीं उठे तो भाई बैरागी बुलाने के लिए गया। जहां सुरेंद्र बिस्तर पर ही मृत हाल में पड़े थे और गले पर चोट के निशान थे। भाई की सूचना पर कप्तानगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया। मृतक एक पुत्र व चार पुत्रियों के पिता थे।