मेंहनगर। स्थानीय थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव में बुधवार की रात तेरहवीं भोज में गए अधेड़ की चुनावी रंजिश को लेकर लाठी डंडे से पीटकर हत्या कर दी गई। सुबह परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने नामजद हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दिया।
गोपालपुर गांव निवासी 50 वर्षीय प्रेम पासी पुत्र स्व. चंन्नर बुधवार की रात गांव के एक पुरवा में आयोजित तेरहवीं भोज में शामिल होने गया था। वहां चुनावी चर्चा के दौरान गांव के ही विकास पुत्र देवेंद्र से उसकी कहासुनी हो गई। दोनों ने एक दूसरे को देख लेने की धमकी देने लगे। कुछ लोगों ने बीच बचाव कर दोनों को शांत करा दिया। इसके बाद खाना खाने के बाद दोनों घर के लिए चले। रास्ते में गौतम नगर चट्टी के पास दोनों पुन: गाली-गलौज करते हुए आपस में भिड़ गए। इस दौरान विकास ने लाठी से प्रेम के सिर पर प्रहार कर दिया। जिससे वह सड़क पर औधे मुंह गिर गया और मौके पर ही मौत हो गई। एसओ सुनील चंद्र तिवारी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जल्द आरोपी भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।
राहगीरों ने पुलिस को दी सूचना
रात में राहगीरों द्वारा सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर थाने उठा लायी। सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस हादसे में अधेड़ की मौत मान रही थी। पंचनामा कर शव पीएम के लिए रात में ही भेज दिया गया। सुबह परिजनों को तेरहवीं भोज के दौरान हुए विवाद की जानकारी हुई। इसके बाद परिजन बृहस्पतिवार की सुबह पुन: थाने पर पहुंचे और हत्या की आशंका जताते हुए विकास के खिलाफ नामजद तहरीर दिया। तहरीर मृतक की पुत्री किरन ने दिया।