फूलपुर। तहसील सभागार में शनिवार को एडीएम गंभीर सिंह एवं पुलिस उपाधीक्षक किरन पाल सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस में 58 प्रकरण आए। छह मामलों का अधिकारियों ने मौके पर निस्तारण कर दिया। जबकि शेष मामलों में टीम बनाकर निस्तारण के लिए मौके पर भेजा। 58 मामलों में 35 राजस्व, दस पुलिस, नौ विकास, दो विद्युत और निर्वाचन से जुड़े रहे।
सुनवाई के दौरान गोदना के राधेश्याम ने पोखरी पर अवैध मत्स्य पट्टे को निरस्त करने की मांग की। वहीं गुवाई के दिलचैन ने धारा 24 के तहत भूमि विवाद में विपक्षियों पर कार्रवाई न होने की शिकायत की। जबकि पलिया माफी के श्रीराम ने आम रास्ते पर दबंगों द्वारा बाधा डाले जाने से बच्चों व ग्रामीणों को हो रही दिक्कतों की शिकायत दर्ज कराया, वहीं शाहजेरपुर के विजय यादव ने बताया कि गांव से गुजरने वाली माइनर में पानी न आने से धान व सब्जी की फसल सूख रही है।
एडीएम ने इस दौरान उपस्थित लोगों को स्वच्छता और शिक्षा के महत्व पर भी जागरुक किया।
इस मौके पर एसडीएम अशोक कुमार, तहसीलदार अंजू यादव, बीडीओ फूलपुर व अहरौला, एक्सईएन केके वर्मा, एसडीओ भूप सिंह, चिकित्सा अधीक्षक शशिकांत समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। इस क्रम में निजामाबाद में उपजिलाधिकारी सुनील धनवंता की देखरेख में 33 प्रार्थना-पत्र आए। तीन का मौके पर निस्तारण किया। मेंहनगर एसडीएम प्रशांत कुमार की देखरेख में 21 मामले आए, दो का निस्तारण हुआ। मार्टीनगंज तहसील में एसडीएम दिव्या सिकरवार की देखरेख में 51 मामले आए, दो का मौके पर निस्तारण हुआ। सगड़ी तहसील में 77 शिकायती प्रार्थना पत्र आए।