आजमगढ़। बच्चा चोरी की अफवाहों पर पुलिस सख्ती कदम उठाएगी। एसपी अनुराग आर्य ने चेतावनी दी है कि बच्चा चोरी की अफवाह फैलाने वाले पर एनएसए के तहत कार्रवाई होगी। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार भी किया गया है।
बीते एक पखवारे से जिले में बच्चा चोरी को लेकर आए दिन अफवाह फैल रही है। बहुत से अभिभावक तो इतने डर से गए हैं कि वे अपने बच्चों को घर से ही बाहर नहीं निकलने दे रहे हैं। इस बाबत एसपी अनुराग आर्य ने बताया कि जिले में शनिवार व रविवार को पुलिस ने गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक किया। एसपी ने लोगों से अपील की कि वे अपने बच्चों को स्कूल व खेलकूद के लिए खेल के मैदान भेजें। सोशल मीडिया अथवा अन्य किसी प्लेटफार्म पर कोई भी व्यक्ति बच्चा चोरी को लेकर अफवाह फैलाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। शासन व डीजीपी के निर्देश पर एनएसए तहत भी कार्रवाई की जा सकती है। एसपी ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक व्यक्ति ऐसी ही कुछ अफवाह फैला रहा था। जिसके खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर उसे गिरफ्तार भी कर लिया गया है।