आजमगढ़। अयोध्या मुद्दे पर आने वाले कोर्ट के फैसले से पहले ही पुलिस शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए जहां जगह-जगह बैठक आयोजित कर लोगों से अपील कर रही। वहीं अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध एनएसए लगाने का निर्देश दिया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत जहां तीन हजार से अधिक पुलिस फोर्स और सुरक्षा बलों के जवानों की तैनाती की जा रही, वहीं महिला पुलिसकर्मियों को बाडी वार्न कैमरा लगाकर ड्यूटी कराया जा रहा।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत जहां संदिग्ध लोगों को शांति भंग की धारा में पाबंद किया जा रहा। वहीं जगह-जगह महिला और पुरुष पुलिस फोर्स फुट पेट्रोलिंग कर रही हैं। एसपी ग्रामीण नरेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में जहां अहरौला थाने में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। वहीं भारी संख्या में पुलिस फोर्स के साथ बाजारों में फ्लैग मार्च किया गया। एसपी के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक मंजू सिंह के नेतृत्व में महिला क्यूआरटी का अलग से गठन किया गया। साथ ही महिला थाना प्रभारी ज्ञानू प्रिया के नेतृत्व में भारी संख्या में महिला कांस्टेबल अपने-अपने वर्दी के कॉलर पर बाडी वार्न कैमरा लगाकर शहर के विभिन्न मुहल्लों में भ्रमण की। साथ ही शहर के प्रत्येक चौराहों पर पांच-पांच महिला पुलिसवालों की भी ड्यूटी लगाई गई है। बाडी वार्न कैमरे के जरिए संदिग्धों की फोटो कैमरे में कैद हो जाएगी। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाह या उपद्रव करने वालों के ऊपर एनएसए लगाने की चेतावनी दी गई है। एसपी त्रिवेणी सिंह ने बताया कि जिले की फोर्स के अलावा करीब तीन हजार अतिरिक्त फोर्स मिली है। इसमें सेना के विभिन्न बिंग के लोग शामिल हैं। उपद्रवियों को गिरफ्तार कर रखने के लिए आठ अस्थाई जेल बनाया गया है। इसमें जहानांगज में हरिशंकर पीजी कालेज रामगांव, कंधरापुर में दुर्गाजी इंटर कालेज अनवरगंज, अतरौलिया में रामनाथ धनंजय स्मारक महाविद्यालय, मुबारकपुर में सनसाइन पब्लिक स्कूल हरैया, देवगांव में पूर्व माध्यमिक विद्यालय देवगांव, फूलपुर में जनता इंटर कालेज अंबारी, बरदह में त्रिवेणी राय महाविद्यालय, जीयनपुर में पं. रामनगीना स्मारक महाविद्याल जोकहरा को चनित किया गया है।