आजमगढ़। अब नया कनेक्शन लेना आसान होगा। उपभोक्ताओं को प्रीपेड स्मार्ट मीटर के लिए 2800 रुपये जमा करना होगा। प्रीपेड स्मार्ट मीटर का शुल्क घटने से नए उपभोक्ताओं को काफी राहत मिलेगी।
उर्जा निगम की तरफ से विभिन्न भार के पुराने उपभोक्ताओं के यहां प्रीपेड स्मार्ट मीटर अनिवार्य कर दिया गया है। इसके तहत उपभोक्ताओं के परिसरों से पुराने मीटरों को हटाकर स्मार्ट मीटर लगाया जा रहा है। स्मार्ट मीटर लगने के साथ ही नए कनेक्शनों पर भी स्मार्ट मीटर अनिवार्य हो गया है। जो भी नए कनेक्शन के लिए आवेदन कर रहे हैं उनको कनेक्शन लेने के दौरान स्मार्ट मीटर लगवाना है। सिंगल फेज का कनेक्शन पहले पुराने मीटर के साथ आठ सौ रुपये में हो जाता था लेकिन स्मार्ट मीटर आने केे बाद इसका शुल्क बढ़कर 6016 हो गया। इससे सिंगल फेज का कनेक्शन लेेने वालों के सामने समस्या हो गई थी। हालांकि इस समस्या को देखते हुए उर्जा निगम ने 150 रुपये के मासिक किस्त और दूसरा एक हजार जमा कर 125 रुपये 60 माह तक की मासिक किस्त के तहत कनेक्शन लेेने की योजना शुरू थी। इसी बीच विद्युत नियामक आयोग ने नई कॉस्ट डाटा बुक जारी कर स्मार्ट प्रीपेड मीटर और नए कनेक्शन की लागत में कटौती की है। एसडीओ विक्रम वीर सिंह ने बताया कि नई व्यवस्था के तहत सिंगल फेज स्मार्ट प्रीपेड मीटर की कीमत 6016 रुपये से घटाकर 2800 रुपये कर दिया गया है वहीं,थ्री फेज स्मार्ट प्रीपेड मीटर 11342 रुपये की जगह अब 4100 रुपये में लगाया जाएगा।