आजमगढ़। परिषदीय स्कूलों के शिक्षकों को योग के प्रति जागरूक करने के लिए योगाभ्यास प्रतियोगिता कराई जाएगी। विभाग की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में शिक्षकों को अनुलोम-विलोम, कपालभाती, भस्तिका, उदगीथ, उज्जाई आसन करने होंगे। यह प्रतियोगिता जिला स्तर के साथ प्रदेश स्तर पर कराई जाएगी।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अंबरीष कुमार की ओर से खंड शिक्षाधिकारियों को भेजे गए पत्र में कहा गया कि जिले स्तर पर यह प्रतियोगिता डायट पर कराई जाएगी। जिले स्तर पर प्रतियोगिता में चयनित शिक्षक प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। प्रतियोगिता में जीत हासिल करने वाले शिक्षकों को सम्मानित भी किया जाएगा। शिक्षक बच्चों को भी योगाभ्यास कराएंगे। जिससे विद्यालयीय और कक्षीय वातावरण को सरल, सहज और अनुकूल बनाया जाए।
बच्चों में भी प्रतियोगिता कराने के निर्देश
परिषदीय स्कूलों के बच्चों को भी अनुलोम-विलोम कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए शासन ने सभी स्कूलों में योग प्रतियोगिता कराने का फैसला किया है। इसमें कक्षा पांच से आठ तक के बच्चे शामिल होंगे। जिला स्तर के बाद राज्य स्तरीय प्रतियोगिता होगी, जिसके बाद विजेताओं को पुरस्कृत भी किया जाएगा।