रौनापार थाना क्षेत्र के रसूलपुर नंदलाल गांव में भगवान बुद्ध व बाबा साहब भीम राव आंबेडकर की प्रतिमा को गांव में आयी बरात में शामिल अराजकतत्वों ने पथराव कर क्षतिग्रस्त कर दिया। ग्रामीण आक्रोशित हो गए। सूचना पर कई थानो की फोर्स मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बुद्ध की नई प्रतिमा स्थापित करवा कर व बाबा साहब की प्रतिमा की मरम्मत कराई तब जाकर लोग शांत हुए। रसूलपुर नंदलाल गांव में रविवार को जहानागंज थाना क्षेत्र से विजय पांडेय के यहां बरात आयी थी। इसमें शामिल कुछ अराजकतत्वों ने रात 10 बजे गांव में स्थापित भगवान बुद्ध व बाबा साहब की प्रतिमा क्षतिग्रस्त कर दी। प्रतिमा तोड़े जाने की सूचना पर गांव की महिलाएं मौके पर जुट गई और विरोध जताने लगी। ग्राम निवासी राम प्रकाश बिंद व प्रधान सरवन कन्नौजिया की सूचना पर रौनापार थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। सीओ सगड़ी महेंद्र शुक्ला भी पहुंच गए थे। देर रात भगवान बुद्ध की नई प्रतिमा मंगवा कर स्थापित कराया गया। इसके साथ ही बाब साहब की क्षतिग्रस्त प्रतिमा की मरम्मत करायी गई। इसके बाद आक्रोशित लोग शांत हुए। भोर में चार बजे के बाद पुलिस फोर्स वापस रवाना हुई। सीओ सगड़ी महेंद्र शुक्ला ने बताया कि भगवान बुद्ध की नई प्रतिमा स्थापित कराने के साथ ही बाबा साहब की टूटी प्रतिमा की रिपेयरिंग करा दी गई है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को चिन्हित किया जाएगा और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।