आजमगढ़। उप कृषि निदेशक डॉ.आरके मौर्य ने बताया कि कृषि विभाग की ओर से संचालित सबमिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाईजेशन योजना में 15 जुलाई से कृषि यंत्रों के लिए टोकन जनरेट करने की प्रक्रिया प्रारम्भ हुई थी। अनुसूचित जाति कम्पोनेन्टऔर ट्रैक्टर माउन्टेड पॉवर स्प्रेयर के लिए धनराशि उपलब्ध होने पर उन्हीं लक्ष्यों के सापेक्ष टोकन जनरेट हुए थे। शासन की ओर से अब निर्णय लिया गया है कि कृषि विभाग से संचालित कृषि यंत्रीकरण की सभी योजनाओं में वार्षिक लक्ष्यों के सापेक्ष निर्धारित कृषि यंत्रों की प्री-बुकिंग की जाएगी। विभाग द्वारा निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष इच्छुक किसान कृषि यंत्रों की प्री-बुकिंग करा सकते हैं। इसके लिए पंजीकृत किसान को विभागीय पोर्टल पर www.upagriculture.com पर यंत्र चयन कर मोबाईल नंबर डालकर ओटीपी प्राप्त करना है। मोबाइल नंबर किसान का स्वयं का हो या उसके किसी परिवार के अन्य खून के रिश्ते का हो। सत्यापन के दौरान किसी अन्य का पाए जाए पर चयन निरस्त कर दिया जाएगा। ओटीपी प्राप्त करने के बाद मोबाइल नंबर पर संदेश आएगा कि आपकी बुकिंग स्वीकृत कर ली गई है। आपको टोकन जनरेट करने के लिए संदेश के माध्यम से सूचित किया जाएगा। कृषकों को संदेश आएगा कि आप टोकन जनरेट कर जमानत धनराशि जमा कर सकते हैं। यह संदेश प्राप्त होने के एक सप्ताह के अन्दर जमानत धनराशि जमा करनी होगी।