आजमगढ़। परिषदीय के बाद अब राजकीय माध्यमिक विद्यालयों पर भी विलय का संकट गहराने लगा है। शासन ने शून्य से 100 तक नामांकन वाले विद्यालयों को चिह्नित करने का आदेश दिया है। जिले में हाईस्कूल तक के तीन विद्यालयों में 50 और तीन इंटर कॉलेजों में 100 से कम नामांकन है। इससे इन विद्यालयों के शिक्षकों की धड़कनें बढ़ गई हैं।
जिले में बेसिक शिक्षा विभाग ने 50 से कम बच्चों वाले 184 विद्यालयों के बच्चों और शिक्षकों को दूसरे विद्यालयों में समायोजित कर दिए हैं। अब राजकीय माध्यमिक विद्यालयों को लेकर भी संशय के बादल गहराने लगे हैं। जिले में कुल 26 राजकीय विद्यालय है जिसमें से 24 का ही संचालन होता है।
शासन की ओर से अब हाईस्कूल से 50 से कम छात्र संख्या और इंटर के 100 से कम छात्र संख्या वाले विद्यालयों का चिन्हांकन कर रिपोर्ट मांगी गई है। इस रिपोर्ट के बाद शासन इन विद्यालयों का भी विलय कर सकता है। इसे देखते हुए इन विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों की को भी अब विलय की चिंता सताने लगी है।
जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से ऐसे छह विद्यालय चिन्हित किए गए हैं। जिनकी छात्र संख्या कम हैं। इनमें तीन हाईस्कूल और तीन इंटर कॉलेज हैं। अब इनकी रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजी जाएगी।