ट्रैफिक पुलिस ने काटे 11 स्कूल बसों के चलान
आजमगढ़। शहरवासियों को जाम से मुक्ति दिलाने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस लाइन परिसर में एसपी ट्रैफिक तारिक मोहम्मद की अध्यक्षता में सभी स्कूल के मैनेजर/प्रबंधकों की बैठक आयोजित की गई। जिसमें यह निर्णय लिया गया कि अब शहर के भीतर स्कूल के बड़े वाहन नहीं चलेंगे।
छात्रों को छोटे वाहनों से घर तक पहुंचाया जाएगा। वाहनों को चलाने वाले एक रंग की वर्दी में होंगे। एसपी ट्रैफिक के सुझाव पर बैठक में मौजूद सभी लोगों ने इसपर सहमति जताई और जल्द ही इसे लागू करने की बात कही।
शहर के संकरी गलियों में स्कूल की बड़ी बसों घुसने से जाम लग जाता है। इसे ध्यान में रखते हुए यातायात विभाग की तरफ से यह नई पहल की जा रही है। इसके अंतर्गत एसपी ट्रैफिक तारिक मोहम्मद की अध्यक्षता में सभी स्कूल के मैनेजर/प्रबंधकों की बैठक में इस बात पर भी विचार किया गया कि बसों की ओवर लोडिंग नहीं होगी।
जितनी सीटें हैं उतने ही बच्चे बैठेंगे। अन्यथा दोषी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चे कदापि गाड़ी या मोटरसाइकल नहीं चलाएंगे। स्कूल और कालेजों के सहयोग से ट्रैफिक पुलिस बूथ बनाएं जाएंगे। जिससे विषम मौसम में यातायात व्यवस्था को सुगम व सुदृढ़ बनाया जा सकेगा।
इसके अलावा स्कूल बच्चों को यातायात नियमों की फर्स्ट हैंड जानकारी देने के लिए और आमजन में एक मैसेज देने के लिए तिराहों, चौराहों पर लोगों को जागरूक किया जाएगा। स्कूल में चल रहे छोटे पेट्रोल वाहनों में गैस का प्रयोग नहीं होगा। यदि कोई गैस से गाड़ी चलते हुए पकड़ी गई तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।