आजमगढ़। वित्त विहीन विद्यालय प्रबंधक संगठन का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से मिला। उन्हें ज्ञापन सौंपकर खंड शिक्षा अधिकारियों से स्कूलों को भेजी गई नोटिस वापस लेने की मांग की।
प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि विभाग ने जिले के विभिन्न विद्यालयों को नोटिस जारी कर उन्हें बंद करने की चेतावनी दी है। प्रबंधकों ने मान्यता की पत्रावली पूरी करके उन्हें विभाग में जमा कर दिया है। साथ ही जिन लोगों की पत्रावलियों जमा नहीं है उनकी पत्रावलियां तत्काल जमा कराकर उनके विद्यालयों की मान्यता प्रदान करने की मांग की गई। प्रबंधकों ने बीएसए से सभी खंड शिक्षाधिकारियों को नोटिस वापस लेने का आदेश जारी करने तथा प्रबंधकों के उत्पीड़न पर रोक लगाने को कहा। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश उपाध्यक्ष अयाज अहमद, रामअचल यादव, राय अनूप श्रीवास्तव, अभिमन्यु यादव, शिवकुमार यादव, मनोज शाही आदि मौजूद रहे।