फूलपुर-पवई विधानसभा क्षेत्र के उड़नदस्ता प्रभारी ने बुधवार को फूलपुर कोतवाली में दो दर्जन भाजपा कार्यकर्ताओं पर आचार संहिता के उल्लंघन की रिपोर्ट दर्ज कराई। वहीं, एसडीएम फूलपुर ने भाजपा प्रत्याशी अरुणकांत यादव को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इस कार्रवाई से लोगों में हड़कंप मचा है।
बता दें कि फूलपुर-पवई विधानसभा क्षेत्र से पूर्व सांसद रमाकांत यादव के बेटे अरुणकांत यादव को भारतीय जनता पार्टी ने प्रत्याशी के तौर पर चुनाव मैदान में उतारा है।
बुधवार को अपने प्रत्याशी के समर्थन में दो दर्जन से अधिक लोग बाइक पर सवार होकर क्षेत्र के मकसुदिया, पलिया, अमरेथू आदि क्षेत्र में भ्रमण करते हुए जुलूस की शक्ल में चुनाव प्रयास किए और समर्थन में नारेबाजी की।
इसकी जानकारी होने पर उड़नदस्ता प्रभारी वीडियो निगरानी टीम को लेकर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की वीडियोग्राफी करवाने के बाद समर्थकों के विरुद्ध आचार संहिता के उल्लंघन की रिपोर्ट फूलपुर कोतवाली में दर्ज कराई। उधर, मामला संज्ञान में आने पर एसडीएम फूलपुर प्रशांत कुमार ने भाजपा प्रत्याशी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। एसडीएम ने कहा कि संतोषजनक जवाब न मिलने पर इनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।