विकास खंडों से निर्वाचन कंट्रोल रूम आजमगढ़ में तैनात किए गए 19 पंचायत सहायक अनुपस्थित पाए गए। जिसे लेकर जिला पंचायत राज अधिकारी ने कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन के अंदर स्पष्टीकरण मांगा है।
मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला ने बताया कि जिला मुख्यालय पर कंट्रोल रूम में पंचायत सहायक/ग्राम रोजगार सेवक की ड्यूटी लगाई गई है। जिसमें कई पंचायत सहायक लगातार अनुपस्थित चल रहे हैं। जिससे कार्य प्रभावित हो रहा है। इन सभी को फोन से अवगत भी कराया गया है, लेकिन अभी तक उपस्थित नहीं हो रहे हैं। ऐसे में पंचायत सहायकों में तहबरपुर के इंद्रेश 35 दिनों से अनुपस्थित हैं। वहीं बिलरियागंज के पंचायत सहायक हिमांशु सिंह, संजीव जायसवाल, मो.अरशद, सुनील कुमार व मो. युशुफ 36 दिन से अनुपस्थित हैं। जहानागंज के विरेंद्र, पारस व रविंद्र कुमार 30 दिन, आजमतगढ़ के अब्दुल्लाह 29 व संदीप यादव 36 दिन से ड्यूटी नहीं आ रहे हैं। इसी प्रकार मुहम्मदपुर ब्लाक के पंचायत सहायक जनार्दन 36, संजीव चौहान 35 व अजय गौतम 36 दिन से अनुपस्थित हैं। इसी क्रम में पल्हनी वैभव राय व लालगंज के सदानंद सरोज, उमेंश कुमार, विश्वजीत कुमार, अश्वनी कुमार पिछले 36 दिनों से ड्यूटी नहीं कर रहे हैं। उक्त सभी लोगों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगने के लिए निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्टीकरण सहित अपनी आख्या 20 फरवरी तक उपलब्ध कराने के लिए कहा है। जिससे संबंधित पर अनुबंध समाप्ति की कार्रवाई की जा सके।