आजमगढ़। जनपद में बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत एक तरह के नाम, पिता के नाम और समान जन्मतिथि वाले कार्मिकों की एक से अधिक मानव संपदा आईडी सक्रिय पाए जाने का मामला सामने आया था। विभाग ने इस मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए थे। एडी बेसिक के निर्देश पर बीएसए ने 12 शिक्षकों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा तो छह ने जवाब दिए लेकिन छह ने नहीं दिया। इनमें से चार शिक्षक स्कूल से लापता हो गए। इनके घर के पते पर विभाग ने नोटिस भेजा है। मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक मनोज कुमार मिश्रा ने आजमगढ़, मऊ और बलिया के बीएसए को पत्र भेजा था। पत्र में बताया कि संबंधित जनपदों में एक ही विवरण वाले कार्मिकों की दो-दो मानव संपदा आईडी सक्रिय हैं। आजमगढ़ में 12, बलिया में 6 और मऊ में 2 शिक्षकों के प्रकरण चिह्नित किए गए हैं। पत्र में निर्देशित किया गया है कि सभी मामलों की जांच की जाए। यदि कोई कार्मिक संदिग्ध पाया जाता है या नियम विरुद्ध स्थिति मिलती है तो उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाए। बीएसए राजीव कुमार पाठक ने आजमगढ़ में चिह्नित 12 शिक्षकों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। इनमें से छह ने जवाब दिए हैं।