आजमगढ़। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) राजीव पाठक ने रविवार को कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय तरवां व कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय लालगंज का निरीक्षण किया। इस दौरान पांच शिक्षक और कर्मियों अनुपस्थित पाए गए। वहीं, मानक के अनुसार भोजन न बनने के कारण नाराजगी जताई। साथ ही कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा। बीएसए राजीव पाठक रविवार की दोपहर एक बजे कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय तरवां में पहुंचे। इस दौरान अध्यापक श्वेता जायसवाल व चौकीदार मनीष कुमार सिंह अनुपस्थित मिले। नामांकित बच्चों के सापेक्ष केवल 48 बच्चे उपस्थित थे पाए गए। निरीक्षण में अनुपस्थित रहीं श्वेता जयसवाल व मनीष कुमार सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी की गई। वार्डन को बालिकाओं की शत प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
इसके बाद बीएसए कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय लालगंज का निरीक्षण करने पहुंचे। निरीक्षण में वार्डन शशि आर्य, चौकीदार प्रदीप कुमार व वनिता यादव भी अनुपस्थित थीं। 33 बालिकाएं उपस्थित पाई गई। साफ-सफाई की स्थिति ठीक नहीं थी, भोजन भी मीनू के अनुसार नहीं बना था। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में रविवार को भी ऑनलाइन उपस्थिति देने व साफ सफाई की व्यवस्था ठीक रखने के सख्त निर्देश दिए गए। साथ ही वार्डन को निर्देशित किया गया कि भविष्य में इस प्रकार की पुनरावृत्ति होने की स्थित में विभागीय कार्यवाही की जाएगी। संवाद