रोडवेज परिसर में बिना मॉस्क के बस में चढ़ते यात्री।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। जिले में कोरोना संक्रमण का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। इसके बाद भी लापरवाही जारी है। रोडवेज स्टैंड और बसों में कोविड-19 नियमों का पालन नहीं हो रहा है। यहां न लोगों को मास्क की फिक्र है और न ही सामाजिक दूरी का ख्याल। लापरवाही में यात्रियों के साथ-साथ चालक व परिचालक भी पीछे नहीं हैं। जिससे कोरोना का ग्राफ बढ़ने का खतरा बना हुआ है।
रोडवेज बस स्टेशन पर चालक-परिचालक बस के संचालन के दौरान मास्क नहीं लगा रहे हैं। यात्री भी बसों में बिना मास्क लगाए यात्रा करते नजर आए। अनलॉक वन में जब रोडवेज बसों का संचालन शुरू हुआ तो तमाम तरह की गाइडलाइन परिवहन निगम की ओर से जारी हुई। जिसमें मास्क लगाना, यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग, सैनिटाइजेशन के बाद बसों में प्रवेश आदि शामिल थे। शुरू में तो गाइडलाइन का पालन परिवहन निगम के जिम्मेदारों ने कराया, लेकिन अब ये चीजें बदल गई हैं।
कोविड हेल्पडेस्क भी निष्प्रयोज्य
रोडवेज पर जांच के लिए एक डेस्क बनाया गया है। जिस पर एक कर्मचारी रहता है। वह भी मात्र कोरम पूरा करता है। न ही यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग हो रही है, न ही उनके हाथ सैनिटाइज कराए जा रहे हैं। बिना मास्क यात्री बसों में यात्रा कर रहे हैं। चालक और परिचालन भी मास्क लगाने से परहेज कर रहे हैं। आने व जाने वालों की कोई जांच नहीं हो रही है। कोविड-19 हेल्पडेस्क पूरी तरह से निष्प्रयोज्य साबित हो रहा है।
नियमों का पालन हो रहा है। समय-समय पर निरीक्षण भी करता हूं। चालकों और परिचालकों को नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं, उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई होगी। इसके अलावा बस स्टैंड पर एनाउंसमेंट करके यात्रियों को नियमों की जानकारी दी जा रही।
अतुल त्रिपाठी, आरएम, आजमगढ़।