तीन दिन से बिजली नहीं, विभाग बेखबर
तहसील क्षेत्र में सोमवार की देर रात आई तेज आंधी और पानी के चलते कई जगह विद्युत तार और विद्युत के पोल टूट गए। जिसके चलते तीन दिनों से क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक गांवों में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। लोगों के सारे कार्य ठप हैं। वहीं किसानों के गन्ने और सब्जी की फसल सूख रही है।
एक तरफ सरकार लोगों को शिड्यूल के अनुसार बिजली देने के लिए प्रयासरत है। वहीं उसके ही अधिकारी और कर्मचारी उसकी मंशा पर पानी फेरने में जुटे ह़ुए हैं। सोमवार की देर रात आए आंधी ने जनपद के कई क्षेत्रों में विद्युत पोल और तारों को नुकसान पहुंचाया। जिसके कारण कई गांवों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। लेकिन विभाग की लापरवाही और उदासीनता की वजह से तीन दिन बीतने के बाद भी आज कई गांव के लोग बिजली से महरूम हैं।
सगड़ी तहसील क्षेत्र में सोमवार को देर रात आई तेज आंधी के चलते मनिकाडीह, मखदूमपुर, पठकौली, बहरीपुर, चकलालचंद, करैला, हरखोरी सहित कई गांव की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई है। जिसके चलते क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक गांवों के लोग अंधेरे और गर्मी से बेहाल हैं। आटा चक्की से लेकर नलकूप तक बंद पड़े हैं। मोबाइल चार्ज भी नहीं हो रहा है। मोबाइल चार्ज करने के लिए लोग दर-दर भटक रहे हैं। साथ ही एक दूसरे से बात भी नहीं हो पा रही है।
बिजली के अभाव में नलकूप नहीं चल रहे हैं जिसके कारण किसानों के गन्ने और सब्जी की फसल सूख रही है। वहीं अभी बहुत से किसानों के गहूं की मड़ाई भी बाधित है। क्षेत्र के सुनील, दीपक, दिनेश, श्यामा, रामनिवास, सूरज, अमरीश, अशोक आदि का कहना है कि पोल और तार गिरने की सूचना विभागीय अधिकारियों को दी गई है लेकिन अभी तक कोई भी इनकी मरम्मत तो दूर देखने भी मौके पर नहीं आया।